करंजिया महाविद्यालय में युवा उत्सव का आगाज, भारतीय ज्ञान परंपरा की थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
करंजिया। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय करंजिया, जिला डिंडोरी में अंतर-कक्षीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष युवा उत्सव की थीम ‘भारतीय ज्ञान परंपरा’ रखी गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक विरासत से जोड़ना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
युवा उत्सव के प्रथम दिवस आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कला और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। रंगोली, कोलाज एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और गौरवशाली इतिहास को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
रंगोली प्रतियोगिता में दिव्यांशी उइके प्रथम
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोलियों से सजाया। रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और पारंपरिक प्रतीकों को सुंदर रूप में उकेरा। प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष की दिव्यांशी उइके ने प्रथम, बीएससी द्वितीय वर्ष की माही बघेल ने द्वितीय तथा सोनम बांधव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं कोलाज प्रतियोगिता में संजय कुमार ने प्रथम, कार्तिक खय्याम ने द्वितीय तथा लवकेश ने तृतीय स्थान हासिल किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने भारत के गौरवशाली इतिहास एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रदर्शित किया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का बेहतर माध्यम है युवा उत्सव
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश सिंह परस्ते ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा उत्सव जैसी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
युवा उत्सव के नोडल अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह टेकाम ने बताया कि अंतर-कक्षीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव की प्रतियोगिताएं 3 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
प्रथम दिवस की प्रतियोगिताएं विधा प्रभारी डॉ. ताजुन अंसारी, डॉ. शिवांगी राय एवं सुश्री कीर्ति मरावी के निर्देशन में संपन्न हुईं। निर्णायक समिति में प्रो. हरीश कुशवाह, डॉ. प्रीति पांडेय एवं डॉ. तुलसी झारिया शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों एवं कलाकृतियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य डॉ. के.पी. बरोह, डॉ. के.के. द्विवेदी, डॉ. शत्रुसूदन सिंह सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
आगामी दिनों में होंगी विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव के आगामी कार्यक्रमों के तहत 4 नवंबर 2026 को वाद-विवाद एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 5 नवंबर को भारतीय संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य, लोकगीत, साहित्यिक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।