जिला चिकित्सालय में तंबाकू सेवन करने वालों पर चला चालानी अभियान, वसूला जुर्माना

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत कार्रवाई, मरीजों एवं परिजनों को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

0 2,254

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी, 30 अक्टूबर 2026।

 

सीधी। जिला चिकित्सालय परिसर को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे के मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. दीपरानी इसरानी के नेतृत्व में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

 

निरीक्षण के दौरान लोगों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी एवं सिगरेट के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। विशेष रूप से मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत करते हुए तंबाकू से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।

 

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अशोक खरे एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपरानी इसरानी ने अस्पताल में उपस्थित मरीजों, परिजनों एवं नागरिकों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग देने की शपथ दिलाई।

 

जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने कहा कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थलों को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से जिला चिकित्सालय परिसर में तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने और अभियान में सहयोग देने की अपील की है।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत जिले के अन्य सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी निरीक्षण, चालानी कार्रवाई और जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment