वनांचल पोंडी पहुंचे रीवा रेंज के DIG हेमंत चौहान, SP संतोष कोरी; ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

जन विश्वास अभियान के तहत सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, थाना कुसमी, मड़वास एवं चौकी पोंडी का किया निरीक्षण; लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी, 30 अक्टूबर 2026।
सीधी। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को रीवा रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) हेमंत चौहान एवं सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी वनांचल क्षेत्र पोंडी पहुंचे। यहां अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, रीवा संभाग के कमिश्नर शिलेन्द्र सिंह एवं सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा भी उपस्थित रहे।
जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा
चौकी पोंडी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली। DIG हेमंत चौहान ने कहा कि जनविश्वास पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधों पर नियंत्रण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और उन्हें न्याय दिलाने में सहयोग करना भी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और आमजन के साथ निरंतर संवाद से पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
तीन पुलिस संस्थानों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
जनसंवाद के बाद DIG हेमंत चौहान एवं SP संतोष कोरी ने थाना कुसमी, थाना मड़वास और चौकी पोंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस व्यवस्था तथा अपराध एवं गुम इंसान से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग, बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने और रात्रिकालीन गश्त प्रभावी करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने संबंधित थाना क्षेत्रों की अपराध स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
जन विश्वास अभियान के माध्यम से सीधी पुलिस का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करना है। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच बढ़ाकर उसकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।