केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशीबाई का निधन, 76 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

भोपाल एम्स में चल रहा था उपचार, सांस संबंधी परेशानी के चलते एक सप्ताह पहले कराया गया था भर्ती; मातृशोक में शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम किए निरस्त
प्राइड इंडिया न्यूज | विशेष समाचार
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लगभग 76 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती काशीबाई पिछले एक सप्ताह से भोपाल एम्स में भर्ती थीं। उन्हें सांस संबंधी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट आने के बाद चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मातृशोक में शिवराज सिंह चौहान ने निरस्त किए सभी कार्यक्रम
माताजी के निधन की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए। उन्हें शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था, लेकिन मातृशोक के चलते अब वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा उनके आगामी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
बचपन में मां को खोया था, काशीबाई ने संभाला था परिवार
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान की पहली मां का नाम सुंदरबाई था, जिनका निधन उनके बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने बच्चों की देखभाल और परिवार के पालन-पोषण के लिए काशीबाई से दूसरा विवाह किया था। काशीबाई ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों का पालन-पोषण किया।
शिवराज सिंह चौहान के परिवार में चार भाई-बहन हैं। इनमें नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं काशीबाई के एक पुत्र वरुण सिंह चौहान हैं, जो पेशे से वकील बताए गए हैं।
सीहोर के पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के मुताबिक, स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर में किया जाएगा। अंतिम दर्शन एवं अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के शामिल होने की संभावना है।
श्रीमती काशीबाई के निधन से चौहान परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति!