जमोड़ी पुलिस की कार्रवाई, अवैध रेत से लोड टाटा 407 वाहन जब्त
बिना वैध दस्तावेज रेत का परिवहन करते पकड़ा गया वाहन, चालक और वाहन स्वामी के विरुद्ध मामला दर्ज
प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी, मध्य प्रदेश | 29 अक्टूबर 2026
सीधी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना जमोड़ी पुलिस ने अवैध रेत से लोड एक टाटा 407 वाहन को जब्त किया है। वाहन चालक रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक केदार परौहा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पीले रंग के टाटा 407 वाहन में अवैध रूप से रेत लोड कर परिवहन किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों को साथ लेकर जमोड़ी सेंगरान स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के पास पहुंची और घेराबंदी की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का पीले रंग का टाटा 407 वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो उसमें रेत लोड पाई गई।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, वाहन रेत सहित जब्त
पुलिस द्वारा वाहन चालक से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अनुपम तिवारी, पिता आचरण प्रसाद तिवारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी भेलकी, थाना जमोड़ी, जिला सीधी बताया।
पुलिस ने वाहन क्रमांक MP 53 ZE 3136 को रेत सहित जब्त कर थाना जमोड़ी लाया। मामले में वाहन चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास का विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना जमोड़ी पुलिस के प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक नीरज एवं आरक्षक अभिषेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
सीधी पुलिस का कहना है कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
