डिंडौरी में ‘जननायक’ सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ, गोंड सभ्यता के महानायकों पर आधारित नृत्य-नाट्य रहे आकर्षण का केंद्र

0 47

विधायकों ने कहा—गोंड समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और लुप्त होती लोककलाओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण हैं ऐसे आयोजन

 

25 से 27 अक्टूबर तक चलेगा सांस्कृतिक आयोजन, आगामी दिनों में भी होंगी गोंड सभ्यता के महानायकों पर आधारित प्रस्तुतियां

 

रिपोर्टर सोहन श्याम

 

*डिंडौरी-

 

 

मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा गोंड सभ्यता के महानायकों के शौर्य, पराक्रम, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ‘जननायक’ का आयोजन 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक डिंडौरी में किया जा रहा है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में गोंड सभ्यता के गौरवशाली इतिहास और महानायकों के जीवन प्रसंगों को नृत्य-नाट्य के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

 

कार्यक्रम के प्रथम दिन 25 अक्टूबर को राजा पेमलशाह के जीवन और वीरता पर आधारित नृत्य-नाट्य की प्रस्तुति दी गई। इसका निर्देशन एवं पुनर्संयोजन श्री सतीश व्यास तथा संगीत निर्देशन श्री मिलिंद त्रिवेदी द्वारा किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से गोंड समाज के इतिहास, लोक परंपराओं, वीरता और सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

 

तीन दिवसीय इस आयोजन के अंतर्गत 26 एवं 27 अक्टूबर को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। आगामी दिनों में गोंड सभ्यता के महानायकों के जीवन, उनके संघर्ष, शौर्य और ऐतिहासिक योगदान पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को इस गौरवशाली विरासत से परिचित कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य गोंड समाज की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और ऐतिहासिक गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

 

*गोंड समाज की संस्कृति और लुप्त होती लोककलाओं को सहेजने में महत्वपूर्ण है ‘जननायक’ : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे*

 

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ‘जननायक’ जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गोंड समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज के महानायकों के जीवन, उनके संघर्ष, शौर्य और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि गोंड समाज की अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, लोककलाएं और ऐतिहासिक कहानियां हैं। समय के साथ अनेक पारंपरिक कलाएं और लोकगाथाएं धीरे-धीरे लोगों की स्मृतियों से दूर होती जा रही हैं। ऐसे में नृत्य-नाट्य और रंगमंच के माध्यम से इन कहानियों को प्रस्तुत करना सराहनीय पहल है। इससे समाज की सांस्कृतिक विरासत को पहचानने, समझने और संरक्षित करने का अवसर मिलता है।

 

विधायक श्री धुर्वे ने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियां यह समझने का अवसर देती हैं कि गोंड समाज का इतिहास कितना समृद्ध है और उसके महानायकों ने समाज एवं संस्कृति के निर्माण में किस प्रकार योगदान दिया है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं से जुड़ने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपने महानायकों के इतिहास और सांस्कृतिक गौरव से परिचित हो सकें।

 

*हमारी संस्कृति, हमारी भूमि और लोककलाएं हमारी पहचान हैं : विधायक ओमकार मरकाम*

 

डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम ने कहा कि ‘जननायक’ के माध्यम से प्रस्तुत की जा रही कलाएं हमारी संस्कृति, हमारी भूमि, हमारी परंपराओं और गोंड समाज की गौरवशाली विरासत का सजीव चित्रण करती हैं। इन प्रस्तुतियों में समाज के इतिहास, महानायकों के संघर्ष और उनके योगदान को जिस प्रभावशाली तरीके से मंच पर दर्शाया गया है, वह सराहनीय है।

 

उन्होंने कहा कि गोंड समाज की अपनी विशिष्ट कला, संस्कृति, लोकगाथाएं और ऐतिहासिक कहानियां हैं, जिन्हें संरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के इतिहास, उनके साहस, संघर्ष और समाज के प्रति योगदान को जानने का अवसर मिलता है।

 

विधायक श्री मरकाम ने रंगमंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले सभी कलाकारों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और कला के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। ऐसे कलाकार हमारी परंपराओं को जीवित रखने और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि हमें अपनी सांस्कृतिक कला से सीखना चाहिए और इसे आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। हमारी लोककलाएं और ऐतिहासिक कहानियां समाज की पहचान हैं। इन्हें संरक्षित कर व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना आवश्यक है, ताकि गोंड समाज की गौरवशाली विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहे।

 

कार्यक्रम में , शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे,डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, अनुसूचित जनजाति के प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम, रेडक्रॉस समिति के चेयरमैन श्री नरेंद्र राजपूत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment