शराब के नशे में वीडियो वायरल होने पर शिक्षक पर गिरी निलंबन की गाज

0 72

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

 

कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई, शासकीय आचरण और पदीय दायित्वों में लापरवाही का मामला

 

डिंडौरी, 21 अक्टूबर 2026।

 

डिंडौरी जिले में शराब के नशे में दिखाई देने वाले व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शासकीय सांदीपनि विद्यालय करंजिया (मोहतरा) में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक दशरथ लाल झारिया को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षक के कार्य व्यवहार में अनियमितता, पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और शैक्षणिक कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना कार्रवाई का आधार

 

जानकारी के अनुसार, शासकीय सांदीपनि विद्यालय करंजिया (मोहतरा) के प्राचार्य ने 19 अक्टूबर 2026 को शिक्षक के कार्य व्यवहार और शैक्षणिक गतिविधियों में अनियमितताओं को लेकर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। प्रतिवेदन में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें शराब के नशे में दिखाई दे रहे व्यक्ति को संबंधित विद्यालय में पदस्थ शिक्षक बताया गया है।

 

मामले को शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और लोकसेवक के अशोभनीय आचरण से संबंधित मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 1, 2 एवं 3 के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।

 

निलंबन अवधि में करंजिया रहेगा मुख्यालय

 

प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर माध्यमिक शिक्षक दशरथ लाल झारिया को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, करंजिया निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment