छुहिया घाटी कांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, बंदी छुड़ाने वाली टाटा हैरियर बरामद

0 544

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट, शाहिद खान

 

₹30 हजार के इनामी संजय पटेल से पूछताछ में खुला राज, पुलिस अभिरक्षा से आदित्य मिश्रा को छुड़ाने में इस्तेमाल हुई थी गाड़ी

सीधी। छुहिया घाटी कांड में सीधी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने की घटना में इस्तेमाल की गई टाटा हैरियर गाड़ी पुलिस ने बरामद कर ली है। ₹30 हजार के इनामी आरोपी संजय पटेल को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद मिली जानकारी के आधार पर वाहन जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना में इस्तेमाल किए गए चार वाहनों में से बरामद होने वाला तीसरा वाहन है।

रास्ता रोककर छुड़ाया था बंदी, फिर इसी गाड़ी से हुआ फरार। पुलिस की विवेचना के अनुसार, छुहिया घाटी में वारदात के दौरान टाटा हैरियर से उड़ीसा पुलिस के वाहन का रास्ता रोका गया था। इसी दौरान बंदी आदित्य मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाया गया और घटना के बाद वह इसी वाहन से फरार हुआ था। आरोपी संजय पटेल से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वाहन की बरामदगी कर विधिवत जब्ती की कार्रवाई की। इस बरामदगी को मामले की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।

चार वाहनों में से तीन जब्त, बाकी आरोपियों की तलाश जारी। पुलिस के अनुसार, छुहिया घाटी कांड में इस्तेमाल किए गए चार वाहनों में से अब तक तीन वाहन बरामद किए जा चुके हैं। शेष वाहन की तलाश और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन, रीवा रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में की जा रही है। प्रकरण थाना रामपुर नैकिन में अपराध क्रमांक 1000/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में दर्ज है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment