सीधी में अब न्यू बस स्टैंड से ही सवारियां भरेंगी बसें, आगे-पीछे कैमरे लगाना अनिवार्य करने के निर्देश

शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा से होगा प्रवेश, टाटा कॉलेज मार्ग से निकलेंगी बसें; जाम से निजात और यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बस संचालकों के साथ की बैठक
सीधी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और न्यू बस स्टैंड सहित आसपास के मार्गों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने बस संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अब बसों में सवारियां न्यू बस स्टैंड परिसर के अंदर ही बैठानी और उतारनी होंगी। इसके साथ ही बसों में आगे और पीछे कैमरे लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस और जमोड़ी थाना पुलिस ने न्यू बस स्टैंड में बस संचालकों एवं बस ऑनर्स के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में यातायात थाना प्रभारी बृजराज रोकडे और जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा ने बसों के व्यवस्थित संचालन, पार्किंग और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा से प्रवेश, टाटा कॉलेज मार्ग से निकासी
बैठक में बसों के आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग का पालन करने पर जोर दिया गया। निर्देशानुसार बसें शहीद श्यामलाल सिंह तिराहा की ओर से न्यू बस स्टैंड में प्रवेश करेंगी। यात्रियों को बसों से उतारने का कार्य भी बस स्टैंड परिसर के अंदर ही किया जाएगा।
वहीं, गंतव्य की ओर जाने वाली बसें न्यू बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही सवारियां भरेंगी और इसके बाद टाटा कॉलेज मार्ग से होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। पुलिस ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर बसें खड़ी करके सवारियां न भरें और न ही सड़क पर यात्रियों को उतारें। इससे यातायात बाधित होने और जाम लगने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
बसों में आगे-पीछे कैमरे लगाने के निर्देश
यात्रियों की सुरक्षा और बसों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने बसों में आगे और पीछे कैमरे लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बस संचालक यातायात नियमों का पालन करें तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मार्ग से ही बसों का संचालन सुनिश्चित करें।
यातायात व्यवस्था में बस संचालकों का सहयोग जरूरी
जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बस संचालकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी संचालक पुलिस एवं यातायात विभाग के निर्देशों का पालन करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान बस संचालकों ने यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं और सुझाव भी अधिकारियों के सामने रखे। पुलिस अधिकारियों ने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का मुख्य उद्देश्य न्यू बस स्टैंड के आसपास यातायात का दबाव कम करना, बसों के संचालन को व्यवस्थित करना और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना रहा।