जीएफ कॉलेज के डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल।

0 10

 

प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी में वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक हासिल कर शाहजहांपुर का नाम किया रोशन।

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। गांधी फैज-ए-आम (जीएफ) कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए शाहजहांपुर का नाम रोशन किया है। उन्हें स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर के सहयोग से जारी दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। डॉ. अख्तर को करियर और सिंगल ईयर, दोनों श्रेणियों में शामिल किया गया है।

हमारे संवाददाता मुबारक अली से बातचीत के दौरान डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर ने अपनी इस उपलब्धि और शोध कार्यों से जुड़ी जानकारी साझा की। प्लांट बायोलॉजी एवं बॉटनी के क्षेत्र में उन्होंने वैश्विक स्तर पर 561वीं रैंक हासिल की है। वहीं, सभी वैज्ञानिक विषयों को मिलाकर उन्हें 37,904वां स्थान प्राप्त हुआ है। संबंधित डेटाबेस में शामिल 1,89,757 शोधकर्ताओं के बीच यह स्थान उनकी शोध उपलब्धियों को दर्शाता है।

 

 

वैज्ञानिकों की इस प्रतिष्ठित सूची में शोध पत्रों के उद्धरण, एच-इंडेक्स, सहलेखन और प्रकाशित शोध के प्रभाव जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर वैज्ञानिकों के योगदान का मूल्यांकन किया जाता है। यह सूची दुनिया भर के शोधकर्ताओं के वैज्ञानिक योगदान का आकलन करने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में शामिल है।

डॉ. अख्तर का शोध मुख्य रूप से प्लांट स्ट्रेस फिजियोलॉजी, बायोफर्टिलाइजर, फाइटोरेमेडिएशन तथा पौधों और सूक्ष्मजीवों के बीच पारस्परिक संबंधों पर केंद्रित है। उनके शोध कार्य पर्यावरण संरक्षण, कृषि विज्ञान और पौधों की बेहतर वृद्धि से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित हैं।

डॉ. मोहम्मद सईद अख्तर की इस उपलब्धि से जीएफ कॉलेज सहित शाहजहांपुर के शैक्षणिक जगत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनकी सफलता को स्थानीय शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment