किसानों की 15 सूत्री मांगों को लेकर काको प्रखंड कार्यालय पर धरना

कर्ज माफी, फसलों का लाभकारी मूल्य और किसानों को ₹5,000 मासिक पेंशन देने की उठी मांग
काको (जहानाबाद) :– बिहार राज्य किसान सभा से संबद्ध अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से शुक्रवार को काको प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया गया। इस दौरान किसानों के विभिन्न समस्याओं को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार से उनके हक और अधिकार सुनिश्चित करने तथा समस्याओं के समाधान के प्रति जवाबदेह बनने की मांग की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड रामनरेश कुमार ने की। धरना के दौरान किसान नेताओं ने किसानों की फसलों का लाभकारी मूल्य निर्धारित करने, देश के सभी किसानों का हर प्रकार का कर्ज माफ करने तथा खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों ने 13 महीने तक ऐतिहासिक आंदोलन किया था, जिसमें 750 किसानों की शहादत हुई थी। आंदोलन के बाद केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून वापस लिए थे और किसानों के साथ समझौता हुआ था। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि समझौते में किए गए वादों को आज तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से समझौते को लागू करने की मांग की। धरना के माध्यम से फसल बीमा योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने, स्मार्ट मीटर समाप्त करने, बाढ़ एवं सुखाड़ की समस्या का स्थायी समाधान करने और सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा सभी किसानों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने तथा नगर पंचायत क्षेत्र में भूमिहीनों के बीच जमीन आवंटन पर लगी रोक हटाने की मांग भी उठाई गई।
किसान सभा की ओर से महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर रोक लगाने, समाज में नफरत की राजनीति के खिलाफ कदम उठाने तथा शिक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने सहित कुल 15 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा गया। वहीं कार्यक्रम को बिहार राज्य किसान सभा के जिला सचिव दिलीप कुमार, जिला नेता कामरेड शत्रुघ्न प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष कामरेड जगदीश प्रसाद, खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कामरेड राम प्रसाद पासवान, बुद्धेश पासवान, राजबल्लभ दास, किसान सभा के घोसी अंचल सचिव, किसान सभा के नेता अरुण कुमार एवं रामप्रवेश प्रसाद सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर किसान सभा के दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे ! इस दौरान वक्ताओं ने किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
नवीन कुमार संवाददाता पटना बिहार