कलेक्टर की चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान नर्मदा किनारे घाट निर्माण, सड़क एवं नल-जल व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश

0 98

बच्चों से संवाद कर शिक्षा, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी ली जानकारी

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज विकासखंड बजाग के कारोपानी, चरखुटिया क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। चरखुटिया में आयोजित चौपाल में लगभग 60 से 70 ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

चौपाल के दौरान कलेक्टर ने बच्चों एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल एवं नल-जल योजना, सड़क सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं एवं आंगनवाड़ी में मिलने वाली सेवाओं के बारे में भी चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने नर्मदा नदी के किनारे पहुंचकर आवश्यक स्थलों का निरीक्षण किया तथा जहां घाट की आवश्यकता है, वहां घाट निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को घाट निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में जहां कहीं भी नल-जल योजना की पाइपलाइन अथवा अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त हैं, उनका शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। सड़क संबंधी आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों ने समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल के लिए कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कारोपानी के हिरनों की सुरक्षा एवं संरक्षण पर भी हुई चर्चा

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कारोपानी क्षेत्र में मौजूद लगभग 250 हिरनों के संरक्षण एवं सुरक्षा के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने हिरनों की गतिविधियों, उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा वन क्षेत्र में उनकी सुरक्षा की स्थिति के बारे में चर्चा की। कलेक्टर ने ग्रामीणों से वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने तथा हिरनों को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने की अपील की। साथ ही वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को हिरनों की सुरक्षा, निगरानी एवं संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी हिरनों के संरक्षण में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से वन क्षेत्र एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इस दौरान डीएफओ श्री अशोक कुमार सोलंकी, आईएफएस अपूर्व, आईएफएस शशिकुमार, डिंडौरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment