सीधी जिला चिकित्सालय का सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया औचक निरीक्षण
मरीजों से सीधे संवाद कर जाना स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्थाओं का हाल

सीधी। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने गुरुवार को सीधी जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य तथा उपचार से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सांसद ने चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपचार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित किए जाने के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है।
इस अवसर पर डॉ. मनोज सिंह परिहार, अमित प्रधान, चंदन मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक एवं चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा।