दो चोरी की वारदातों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सोने-चांदी के आभूषण समेत ₹2.80 लाख का अधिकांश मशरूका बरामद

सीधी। थाना कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी को छोड़कर चोरी किया गया अधिकांश मशरूका बरामद किया है, जिसकी अनुमानित वर्तमान कीमत करीब ₹2.80 लाख बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
भलुहा में घर से नकदी और मोबाइल चोरी
पुलिस के अनुसार 18-19 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात ग्राम भलुहा निवासी विनोद कुमार मौर्या के घर से अज्ञात व्यक्ति ने ₹3,100 नगद और आईटेल कंपनी का कीपैड मोबाइल चोरी कर लिया था। घटना के दौरान परिजनों को कमरे में कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। देखने पर एक व्यक्ति घर से भागता हुआ दिखाई दिया। शोर मचाने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जांच के दौरान ग्राम उपनी निवासी बिरजू कोल के घर से नगदी व मोबाइल तथा ग्राम भलुहा निवासी मुकेश कोरी का मोबाइल चार्जर सहित चोरी किए जाने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने डायल-112 की सहायता से संदिग्ध अशोक कुमार सिंह को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
जुलाई की चोरी का भी हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक ग्राम उपनी निवासी अरुण सिंह गहरवार के घर में 12-13 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात चोरी हुई थी। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर पेटी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गया था। घटना के बाद घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खाली पेटी बरामद हुई थी।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पुलिस कार्रवाई के आधार पर दोनों घटनाओं में अशोक कुमार सिंह पिता भाई लाल सिंह, निवासी ग्राम उपनी, थाना कोतवाली, जिला सीधी की संलिप्तता सामने आई। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
₹2.80 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया अधिकांश मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की नगदी खर्च कर देना बताया है।
बरामद सामान में सोने की 1 मनचली, 2 लॉकेट, 1 अंगूठी, चांदी की 4 पायल, चांदी की 4 पुरानी इस्तेमाल की हुई मुद्रियां सहित अन्य चोरी की सामग्री शामिल है। बरामद मशरूके की अनुमानित वर्तमान कीमत करीब ₹2,80,000 है।
पुलिस द्वारा प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक गोपाल, विकास पांडे, राज कुमार सिंह एवं शिव शंकर तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।