मुख्यमंत्री के वीसी कार्यक्रम के चलते निर्माण और खुदाई कार्यों पर रोक
संचार व्यवस्था निर्बाध रखने निर्धारित मार्गों पर 23 सितंबर तक प्रतिबंध

सीधी, 22 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के 23 सितंबर को प्रस्तावित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कार्यक्रम को देखते हुए जिले में संचार व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए निर्धारित मार्गों पर निर्माण, खुदाई एवं अनुरक्षण कार्यों पर रोक लगाई गई है।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि बीएसएनएल से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के वीसी कार्यक्रम के लिए उपयोग किए जाने वाले कोर नेटवर्क को सीधी से रीवा से जोड़ने वाले मार्ग सीधी-चुरहट-रामपुर नैकिन-बघवार-रीवा तथा सीधी-मझौली-ब्यौहारी-देवलोंद-बघवार-रीवा हैं। इन मार्गों पर संचार व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए सभी प्रकार के निर्माण, खुदाई एवं अनुरक्षण कार्य तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त सीधी-मझौली-ब्यौहारी-शहडोल तथा सीधी-देवसर-बैढ़न-सरई-निगरी मार्गों पर भी निर्माण एवं खुदाई संबंधी कार्य प्रतिबंधित रहेंगे।
अपर जिला दण्डाधिकारी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत सीधी, क्षेत्रीय प्रबंधक एनएचएआई सीधी/रीवा तथा सभी संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित मार्गों पर 23 सितंबर 2026 तक निर्माण, खुदाई एवं अनुरक्षण संबंधी कोई कार्य न किया जाए। यह प्रतिबंध मुख्यमंत्री के प्रस्तावित वीसी कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।