सात साल का अंधेरा छूटा, घर रोशनी से हुआ जगमग
धरती आबा योजना से घर पहुंची बिजली, अर्जुन सिंह सैयाम ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

रिपोर्टर -सोहन श्याम
डिंडौरी-कभी घर में अंधेरा होते ही दिनचर्या थम जाती थी। बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के काम तक, हर छोटी जरूरत के लिए परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्राम उमरिया निवासी अर्जुन सिंह सैयाम के परिवार ने करीब सात वर्षों तक बिजली के अभाव में जीवन बिताया। लेकिन अब धरती आबा योजना के माध्यम से उनके घर तक बिजली पहुंचने से परिवार के जीवन में नई रोशनी आई है।
श्री अर्जुन सिंह सैयाम बताते हैं कि उनके घर में लगभग सात वर्षों से बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। शाम होते ही घर अंधेरे में डूब जाता था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और परिवार को दैनिक कार्यों के लिए भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बिजली की सुविधा उनके लिए केवल रोशनी नहीं, बल्कि जीवन को आसान बनाने वाली एक महत्वपूर्ण जरूरत थी।
धरती आबा योजना के अंतर्गत उनके घर तक बिजली पहुंचने के बाद अब परिवार की वर्षों पुरानी समस्या दूर हो गई है। घर में बिजली आने से श्री अर्जुन सिंह सैयाम और उनका परिवार बेहद खुश है। उन्होंने बताया कि अब बच्चों को पढ़ाई करने में सुविधा होगी और परिवार के दैनिक कार्य भी पहले की तुलना में आसानी से हो सकेंगे। लंबे समय बाद घर में रोशनी देखकर परिवार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है।
श्री अर्जुन सिंह सैयाम ने घर तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो उनके जीवन में वास्तविक बदलाव आता है। धरती आबा योजना के माध्यम से उनके घर में आई बिजली उनके परिवार के लिए सुविधा के साथ-साथ बेहतर भविष्य की उम्मीद की नई किरण भी लेकर आई है।