जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता: कलेक्ट
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

*डिंडौरी, 21 सितंबर 2026*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करें, शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करें तथा उनकी संतुष्टि के साथ प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-विकास प्रणाली 2.0 के अंतर्गत डीएपी, यूरिया एवं एनपीके उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा की। मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा में मछुआ पालकों के किसान क्रेडिट कार्ड, स्मार्ट फिश पार्लर स्थापना तथा शहपुरा जलाशय में केज स्थापना की प्रगति जानी। पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशु टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं किसान क्रेडिट कार्ड की भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीएमओ शहपुरा एवं डिंडौरी को समग्र आईडी एवं ई-केवायसी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एलडीएम को स्वरोजगार योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। उन्होंने राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष कार्यों को पूर्ण करने तथा वृक्षारोपण के लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा कर पोर्टल पर फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक कार्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा स्वच्छता प्रभारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत स्तर पर प्रभावी रूप से सफाई अभियान संचालित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लंबित न्यायालयीन प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आरटीओ विभाग की समीक्षा के दौरान वाहनों के फिटनेस, ओवरलोडिंग तथा अनफिट एवं बिना परमिट संचालित बसों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। राजस्व विभाग की समीक्षा में फौती नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति तथा राजस्व वसूली की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। वन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध कटाई, अवैध शिकार एवं अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने तथा वनाधिकार अधिनियम 2005 के अंतर्गत फौती नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा की गई। जल निगम द्वारा निर्मित की जा रही टंकियों की भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पिछड़ा वर्ग विभाग की स्वरोजगार योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने टीबी मरीजों को दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग से पोषण आहार, एसएएम एवं एमएएम बच्चों तथा पोषण पुनर्वास केन्द्र में उपचाररत बच्चों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पुस्तकों की मांग एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित कक्षाओं का संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डीपीसी को नियमित रूप से विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा। बैठक में श्रम विभाग, आयुष विभाग, एनआरएलएम, सर्व शिक्षा अभियान एवं पीएचई सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।