NEET-JEE की तैयारी को लेकर विशेषज्ञ देंगे सफलता के मंत्र

बरगांव के जनजाति कल्याण केन्द्र में 20 सितंबर को होगा कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम
(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
शहपुरा। शहपुरा एसडीएम के निर्देशन एवं सहायक संचालक शिक्षा प्रवीण तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन 20 सितंबर 2026 को प्रातः 9:30 बजे जनजाति कल्याण केन्द्र बरगांव केशव सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम में NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
NEET और JEE देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश का अवसर मिलता है। इसी उद्देश्य से ब्लॉक शहपुरा के प्रत्येक हायर सेकेंडरी विद्यालय से विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।
कार्यक्रम में डॉ. पंकज असाटी, डॉ. नीरज जैन, डॉ. अनुमति जैन, सिद्धार्थ गौतम, ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया, तैयारी की रणनीति, विभिन्न कैरियर विकल्पों तथा परीक्षा में सफलता के लिए आवश्यक टिप्स की जानकारी देंगे।
इसके साथ ही कार्यक्रम में मोटिवेशनल मार्गदर्शन, प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों को NEET और JEE की तैयारी से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं और सवालों के जवाब विशेषज्ञों से सीधे प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही कैरियर विकल्प चुनने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना है।