सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने ,मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अधिकारियों के साथ की बैठक

0 64

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिंडौरी-लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने रविवार को डिंडौरी सर्किट हाउस में सेवा संकल्प अभियान-2026 की तैयारियों एवं जिले में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों एवं जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलेगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना तथा योजनाओं के लाभ से वंचित हितग्राहियों को लाभान्वित करना है। अभियान के दौरान सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराने, सेवा की कहानी/सेवा गाथा के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां सामने लाने, सेवा मेरा योगदान के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने तथा विकसित भारत@2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया, सेवा सेतु अभियान, सेवा मेरा योगदान, सेवा की कहानी/सेवा गाथा, बच्चों के सपनों का भारत, आंगनबाड़ी उत्सव, सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत संकल्प तथा अन्य जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान की गतिविधियों की सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रभावी रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाया जाए।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला वनमंडल अधिकारी श्री अशोक सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment