पेट्रोल पंप की बिक्री रुकवाकर पूर्व सांसद पुष्पेंद्र चंदेल ने कराई श्रद्धालुओ के ठहरने/जलपान की व्यवस्था

महोबा (कबरई)। धर्मनगरी चित्रकूट स्थित कामतानाथ धाम के दर्शनार्थ पैदल यात्रा पर निकले सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मान और सुविधा के लिए पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने सेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। देर रात महोबा और कबरई पहुंचे पदयात्रियों के विश्राम, सुरक्षा और जलपान के लिए उन्होंने अपने महोबा स्थित कार्यालय और कबरई के आशीर्वाद पेट्रोल पंप के द्वार खोल दिए। श्रद्धालुओं को वाहनों के आवागमन, शोर-शराबे से कोई असुविधा न हो और उनकी सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए उन्होंने व्यावसायिक लाभ को दरकिनार करते हुए पेट्रोल पंप की बिक्री तक पूरी तरह बंद करवा दी।
टीम के सदस्य रोहित सिंह राजावत ने बताया कि पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के निर्देश पर सबसे पहले महोबा स्थित सांसद कार्यालय में पहुंचे श्रद्धालुओं का सनातन परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। वहां उनके रात्रि विश्राम और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई। इसके साथ ही आगे के लंबे सफर में धूप और बारिश से बचाव के लिए सभी पदयात्रियों को वाटरप्रूफ बैग भेंट किए गए, जिनमें रास्ते के लिए उपयोगी जलपान सामग्री भी रखी गई थी।
इसके बाद देर रात जब कबरई स्थित आशीर्वाद पेट्रोल पंप पर बड़ी संख्या में पदयात्रियों का जत्था पहुंचा, तो वहां भी टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। यात्रियों की भारी तादाद और उनकी सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए पेट्रोल पंप का व्यावसायिक संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया, ताकि परिसर में केवल पदयात्रियों का विश्राम शांतिपूर्वक हो सके। कबरई में भी सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया और उन्हें वाटरप्रूफ बैग व जलपान वितरित किया गया।इस अप्रत्याशित सेवा, सम्मान और आत्मीय व्यवस्था से अभिभूत पदयात्रियों ने पूर्व सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल और व्यवस्था में रातभर मुस्तैद रही उनकी टीम में रोहित सिंह, राघवेंद्र सिंह, बंटू, शैलेंद्र, दीपेंद्र सहित सभी सदस्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए साधुवाद दिया।