सात संपर्क मार्गों के नवनिर्माण का वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास

0 29

 

ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम, विकास को मिलेगी रफ्तार

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार सुरेश कुमार खन्ना ने सात महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन मार्गों के निर्माण पर करीब 9.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

 

नवनिर्माण किए जाने वाले मार्गों में निगोही मार्ग से शाहबाजनगर निवाड़ी मार्ग स्थित गन्ना सेंटर तक 2.800 किलोमीटर मार्ग के लिए ₹252.63 लाख, हनुमानमूर्ति शाहबाजनगर मार्ग से बेहटा रोड होते हुए बड़े मोहल्ले तक 0.770 किलोमीटर के लिए ₹170.93 लाख तथा राईखुर्द से रज्जबनगर शाहबाजनगर फाटक तक 0.515 किलोमीटर मार्ग के लिए ₹87.66 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

 

इसके अलावा शाहबाजनगर में खेड़ा मोहल्ले से गर्रा नदी तक 1.800 किलोमीटर मार्ग का निर्माण ₹184.72 लाख, मोहल्ला बड़ा बेहटा रोड/रिंग रोड से मोहल्ला कछियाना तक 0.410 किलोमीटर मार्ग का निर्माण ₹49 लाख, रज्जबनगर में रामदयाल की बगिया से आंगनबाड़ी होते हुए बारात घर तक 0.650 किलोमीटर मार्ग का निर्माण ₹63.50 लाख तथा शाहबाजनगर आईटीआई से ज्ञानी अमरीक सिंह झाला और हरभजन सिंह के झाले तक 1.200 किलोमीटर मार्ग का निर्माण ₹125.83 लाख की लागत से कराया जाएगा।

 

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा होगी और स्थानीय स्तर पर विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों से संबंधित जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। क्षेत्र की जनता अपनी समस्याओं को लेकर उनसे संपर्क कर सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बड़े विकास कार्यों के साथ-साथ क्षेत्र की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को पूरा करना भी है।

 

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की। साथ ही आगामी चुनाव में विकास और सुशासन के आधार पर सोच-समझकर मतदान करने का आह्वान किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment