स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

घोसी (जहानाबाद)। आदर्श ग्राम वैरामसराय स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारत स्काउट एंड गाइड के समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान स्काउट एंड गाइड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो. आफाक अंसारी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य रेणु प्रिया, मध्य विद्यालय वैरामसराय के प्रधानाध्यापक शशिभूषण कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनुज प्रसाद निराला, शिक्षक आलम परवेज, धर्मेंद्र कुमार, शिक्षिका शकुंतला कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो. आफाक अंसारी ने कहा कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। स्काउट एंड गाइड जैसी गतिविधियों से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने से बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि हाल ही में विद्यालय की एक छात्रा ने इंटर की परीक्षा में जिले में टॉप कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इसके लिए उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यालय के बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं पूर्व जिला परिषद सदस्य अनुज प्रसाद निराला ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इससे उनकी बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संचालन की दिशा में पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और देश सेवा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
समापन समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
नवीन कुमार संवाददाता पटना बिहार