महिला प्रधान आरक्षक की हत्या कर फरार पति 1300 किमी दूर महाराष्ट्र से गिरफ्तार

पंचर दुकान संचालक बनकर पुलिस ने रखी नजर, रोजाना हवा भरवाने पहुंचता था आरोपी; घेराबंदी कर दबोचा
सीधी। पुलिस लाइन सीधी के आवास क्रमांक G-7 में महिला प्रधान आरक्षक सविता साकेत की हत्या के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी पति वीरेन्द्र साकेत उर्फ लाला को सीधी पुलिस ने महाराष्ट्र के राजगढ़ जिले के खिरखिनदीवाड़ी स्थित इंडस्ट्रियल एरिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पारिवारिक विवाद के बाद हुई थी महिला प्रधान आरक्षक की हत्या
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2025 की रात पुलिस लाइन स्थित आवास क्रमांक G-7 में महिला प्रधान आरक्षक सविता साकेत की हत्या की सूचना मिली थी। मृतका की पुत्री की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में मृतका और उसके पति वीरेन्द्र साकेत के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
गुजरात, पश्चिम बंगाल और कई जिलों में तलाश
गंभीर मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही थी। आरोपी की तलाश में गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में दबिश दी गई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के महाराष्ट्र में होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
जांच में पता चला कि आरोपी राजगढ़ जिले के खिरखिनदीवाड़ी में एक कंपनी में ड्राइवरी का काम कर रहा है। उसकी दिनचर्या पर नजर रखने के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वह प्रतिदिन वाहन में हवा चेक करवाने और पंचर संबंधी काम के लिए एक दुकान पर आता है।
पंचर दुकान पर पुलिस ने बदला हुलिया
आरोपी को पुलिस की भनक न लगे, इसके लिए टीम ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विशेष रणनीति बनाई। पुलिसकर्मियों ने हुलिया बदलकर पंचर एवं वाहन में हवा भरने वाली दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों की तरह निगरानी शुरू कर दी।
कई घंटे इंतजार के बाद आरोपी रोजाना की तरह वाहन में हवा चेक करवाने दुकान पर पहुंचा। पुलिस टीम ने बिना संदेह का अवसर दिए योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और वीरेन्द्र साकेत उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, आगे की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। मामले में आगे की विवेचना और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल बलेंद्र, हेड कांस्टेबल के.पी. सिंह, कांस्टेबल ललित मिश्रा तथा साइबर टीम के कृष्ण मुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार घोषित 10 हजार रुपये के इनाम की राशि मुखबिरों एवं पुलिस टीम को वितरित की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देश पर पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान द्वारा भी प्रकरण की निगरानी की गई। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुलिस महानिरीक्षक स्तर से पुरस्कृत कराए जाने की बात कही है।
सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर कार्रवाई जारी रहेगी।