तुलसीदास का रामराज्य प्रजातंत्र के सिद्धांत पर आधारित : डॉ. मुन्नालाल देवदास

0 46

529 वाँ तुलसीदास जन्मोत्सव बहेराबुड़ा और कनेसर में संपन्न

 

-गरियाबंद जिला में आवासीय विश्वविद्यालय संबंधी मांग पत्र विधायक को सौंपा

 

मम राजीव लोचन जिला मानस संघ गरियाबंद छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय तुलसीदास जन्मोत्सव पर मानस गान एवं विविध कार्यक्रम बहेराबुड़ा एवं कनेसर गांव में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। बरसते पानी के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण देर रात तक रामकथा का आनंद लेते रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मानस संघ के संस्थापक, राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत डॉ. मुन्नालाल देवदास ने कहा कि “तुलसीदास जी का रामराज्य प्रजातंत्र के सिद्धांत पर आधारित है।” उन्होंने श्रीरामचरितमानस की चौपाई—

जो अनीति कछु भाषौं भाई।

तौ मोहि बरजहु भय बिसराई।।

का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीराम जी राजा बनने के बाद अपने प्रजाजनों से कहते हैं कि —यदि मेरे राजकाज में कोई अनीति अथवा अनुचित बात दिखाई दे तो मुझे बिना किसी भय और संकोच के उसके बारे में बोल सकते हो ।

 

डॉ. देवदास ने कहा कि श्रीराम जी का शासन केवल सत्ता संचालन का आदर्श नहीं, बल्कि जनता को निर्भय होकर अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक अधिकार देने वाली शासन व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है।

 

यदि भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में रामचरितमानस की इस नीति और मर्यादा का पालन करेंगे तो संसद में कभी अमर्यादित हंगामा नहीं होगा। क्योंकि रामराज्य की संकल्पना लोककल्याण, उत्तरदायित्व, न्याय, मर्यादा और जनभागीदारी के मूल तत्वों पर निहित है।इसलिए सामाजिक जनजागरण हेतु गाँव गाँव में मानस का प्रचार प्रसार जरुरी है।

 

इस अवसर पर डॉ. देवदास ने बहेराबुड़ा गांव के नामकरण से जुड़ी रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम को राजिम विधायक रोहित साहू, सर्व समाज समन्वय महासभा के प्रांताध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. संजीव कर्मकार सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी संबोधित किया।

 

– आवासीय विश्वविद्यालय की मांग

कार्यक्रम के दौरान सर्व समाज समन्वय महासभा के पदाधिकारियों ने राजिम विधायक रोहित साहू को गरियाबंद जिले में कौशल आधारित आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए मांग पत्र सौंपा। विधायक रोहित साहू ने इस प्रस्तावित आवासीय विश्वविद्यालय को युवाओं का भाग्य विधाता बताते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।विधायक ने क्षेत्र में सर्व समाज समरसता भवन एवं मानस भवन निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही टीना शेड का लोकार्पण किया।

 

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव प्रताप मोहंती, जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर, सरपंच अनिता ध्रुव, मनीष ध्रुव,समस्त पंचगण, सर्व समाज समन्वय महासभा जिला अध्यक्ष केशर निर्मलकर, महामंत्री सुरेन्द्र सोनोटेके, शिक्षा प्रकोष्ठ सह-संयोजक अशोक मिश्रा, जिला मानस संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम चन्द्राकर सहित विभिन्न पदाधिकारी, मानस मंडलियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

बरसते पानी के बावजूद देररात्रि तक श्रद्धालुओं ने रामकथा, मानस गान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला मानस संघ कोषाध्यक्ष डोमार साहू, ब्लॉक अध्यक्ष टिकेश्वर सिन्हा एवं यशवंत भेड़िया ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment