टावरों से चोरी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार, चोरी के उपकरण और कार बरामद

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। तिलहर थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले कथित गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अजना कार्ड, छह एंड्रायड मोबाइल फोन, चोरी करने के उपकरण, 2,470 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हुंडई कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर टीम ने कपसेड़ा पंप के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को करीब 2:19 बजे गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुशील कुमार उर्फ सोनू निवासी फरीदपुर, बरेली, शिशुपाल, विमल कुमार, विनोद कुमार और सोमदत्त निवासी कासगंज तथा अमित निवासी बदायूं के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे मोबाइल टावरों पर लगे अजना बॉक्स/कार्ड चोरी कर उन्हें दिल्ली में चलते-फिरते कबाड़ियों को बेचते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जुलाई में उबरिया, बरुआरी जलालाबाद, याकूबपुर चौराहा और मिर्जापुर समेत कई स्थानों से अजना कार्ड चोरी करने की बात स्वीकार की है। वहीं 21/22 अगस्त की रात चांदापुर चौराहे के पास टावर से चोरी का प्रयास करने की बात भी सामने आई है, लेकिन अलार्म बजने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के बाद अजना कार्ड के नंबर मिटाकर कबाड़ियों को बेच देते थे। मामले में थाना तिलहर में धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला, गौरव शर्मा आदि शामिल रहे।