पत्रकारों से संवाद में कलेक्टर ने कहा—जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिंडौरी, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस डिंडौरी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में जिले के करीब 60 से 70 पत्रकारों ने सहभागिता की।
इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी श्री पुष्पराज सिंह ने पत्रकार कल्याण एवं सुविधाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं और नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिमान्यता नियम, आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रक्रिया तथा शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के संबंध में पत्रकारों को अवगत कराया।
वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकारों के लिए संचालित सम्मान-निधि योजना के स्वीकृति आदेश तथा संचार प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के नियमों और प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। पत्रकारों ने योजनाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की पत्रकार हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र संचार प्रतिनिधियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रूप से जनता के सामने रखने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकता है।
कलेक्टर ने पत्रकारों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को भी प्रमुखता से सामने लाने का आग्रह किया, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।