वारा वफात जुलूस के मार्गों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। वारा वफात जुलूस के दृष्टिगत नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने अपर नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों तथा सोमवार को वारा वफात जुलूस कमेटी के सदस्यों के साथ महानगर क्षेत्र में जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला थाना से रोडवेज सहित अन्य जुलूस मार्गों का जायजा लेते हुए सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क पर गड्ढे पाए जाएं, उन्हें तत्काल लेवल कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराया जाए।
नगर आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए महाप्रबंधक जल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वारा वफात जुलूस के दृष्टिगत नगर निगम स्तर से किए जाने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, मुख्य अभियंता आशीष कुमार त्रिवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जुलूस कमेटी के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।