मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश
9 अगस्त को निकलेगी कलेक्टर कार्यालय से तिरंगा यात्रा, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का दिया जाएगा संदेश

रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन श्री अशोक बर्णवाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले अभियान के कार्यक्रमों की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी एवं सीएम हेल्पलाइन से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली मोहगांव में अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई हैं। साथ ही आगामी 14 अगस्त 2026 को विकासखंड डिंडौरी के शाहपुर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों को अपने-अपने लंबित प्रकरणों का शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को प्रातः 7:30 बजे कलेक्टर कार्यालय से रानी अवंती बाई चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तिरंगा यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने कार्यालय परिसरों में विशेष साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और सशक्त किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।