शाहजहांपुर: नबियापुर में शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस ने समझा बुझा कर मार्ग सुचारु कराया। 

0 12

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर के थाना तिलहर क्षेत्र के गांव नबियापुर में शुक्रवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने तिलहर-निगोही मार्ग पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही के आरोप लगाए गए और कुछ समय के लिए मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया गया।

 

अपर पुलिस अधीक्षक भवरे दीक्षा ने बताया कि 26 जुलाई को वादी सर्वेश, निवासी नबियापुर थाना तिलहर, की तहरीर पर वादी के भाई उमेश की हत्या पांच लोगों के विरुद्ध हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने के आरोप में थाना तिलहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगने से होना पाया गया। विवेचना के दौरान प्राथमिक जांच के अनुसार यह तथ्य सामने आया कि मृतक पर कथित तौर पर सोलर प्लांट से चोरी का आरोप लगाया गया था, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं में संशोधन किया गया है।

 

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मृतक के परिजनों और लगभग 70 से 80 ग्रामीणों ने तिलहर-निगोही मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और मार्ग जाम करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।

 

पुलिस के अनुसार, मृतक का अंतिम संस्कार विधिवत कराया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है तथा मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment