शाहजहाँपुर: रामगंगा घाट पर एनडीआरएफ ने किया बाढ़ बचाव मॉक अभ्यास, आपदा प्रबंधन की तैयारियों का लिया जायजा

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर । जनपद की तहसील कलान स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को 08वीं वाहिनी एनडीआरएफ द्वारा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से जल आपदा पर आधारित टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEx) तथा फ्लड वाटर रेस्क्यू (FWR) मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। अभ्यास का उद्देश्य संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं आपातकालीन तैयारियों का परीक्षण करना था।
एनडीआरएफ की 32 सदस्यीय टीम ने निरीक्षक/जीडी शिवकली धुर्वे के नेतृत्व में मॉक अभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम के तहत उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार की अध्यक्षता में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसके बाद प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ।
मॉक अभ्यास के दौरान आपातकालीन सूचना जारी कर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) सक्रिय किया गया। घटनास्थल के निकट स्टेजिंग एरिया और इंसिडेंट कमांड पोस्ट स्थापित कर बचाव अभियान शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने इंफ्लेटेबल रबर बोट (IRB) की सहायता से बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचकर कुल चार पीड़ितों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें तीन को वेट रेस्क्यू तकनीक तथा एक को ड्राई रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्राम धेलिया, रामगंगा घाट क्षेत्र को अभ्यास का स्थल बनाया गया।
अभ्यास के बाद आयोजित डिब्रीफिंग सत्र में उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने सभी विभागों के साथ समन्वय, सामने आई चुनौतियों तथा भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस मॉक अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र, स्थानीय गोताखोर एवं ग्रामीणों सहित कुल 118 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर तहसीलदार शुजीत निगम, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, ग्राम राजस्व अधिकारी विजय वाजपेई सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।