विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस पर सिंगरौली पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

मानव तस्करी के प्रति जागरूकता बढ़ाने ड्राइंग प्रतियोगिता एवं नाट्य प्रस्तुति का हुआ आयोजन

0 28

 

 

विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर 30 जुलाई 2026 को सिंगरौली पुलिस द्वारा मानव तस्करी की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शासकीय मॉडल स्कूल, पचौर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

उक्त कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के. एम. के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में व प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित बैरागी के मार्गदर्शन में महिला थाना की उप निरीक्षक श्रीमती चांदनी सिंह एवं महिला थाना स्टाफ द्वारा विद्यालय के लगभग 200 छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, उसके दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन, झूठे रोजगार, शिक्षा अथवा विवाह के नाम पर किए जाने वाले छल से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता से जुड़े आकर्षक चित्र बनाकर समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिया।

 

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा मानव तस्करी पर आधारित एक प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें एक वास्तविक घटना से प्रेरित कथानक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार लालच और झूठे वादों के जाल में फँसाकर लोगों का शोषण किया जाता है तथा सतर्कता और समय पर पुलिस को सूचना देकर ऐसे अपराधों को रोका जा सकता है। नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मानव तस्करी के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक होने का प्रभावी संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करें, जिससे सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

 

इसी क्रम में थाना सरई पुलिस द्वारा ग्राम सरई टोला में भी विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को मानव तस्करी की पहचान, उससे बचाव, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों से मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध के विरुद्ध सजग रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment