नशे पर सीधी पुलिस का बड़ा प्रहार: 12.2 किलो गांजा और 10 ग्राम स्मैक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

0 246

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी | 28 जुलाई 2026

प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत सीधी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 200 ग्राम गांजा, 10 ग्राम स्मैक (हेरोइन) सहित करीब ₹9.80 लाख की जब्ती की है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना जमोड़ी और थाना बहरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

जमोड़ी पुलिस ने कार से पकड़ा 12.2 किलो गांजा

थाना जमोड़ी पुलिस ने 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बलराम नगर, दक्षिण करौंदिया क्षेत्र में दबिश देकर राधेश्याम जायसवाल (23 वर्ष), निवासी हिनौती, थाना अमिलिया को गिरफ्तार किया। आरोपी की डिजायर कार की डिक्की से 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.20 लाख बताई गई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डिजायर कार (करीब ₹8 लाख) और सैमसंग मोबाइल (करीब ₹20 हजार) भी जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

बहरी पुलिस ने 10 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी दबोचा

दूसरी कार्रवाई में थाना बहरी पुलिस ने ग्राम चंदवाही में दबिश देकर राजेश्वर उर्फ राजू द्विवेदी (23 वर्ष), निवासी लौआ, थाना बहरी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम स्मैक (हेरोइन) तथा एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मादक पदार्थ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से लाकर क्षेत्र में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एवं 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

जमोड़ी कार्रवाई में उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ तथा बहरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो हेल्पलाइन नंबर 7701057502 पर तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment