Breaking News

6,500 संविदा बिजली कर्मचारियों को नियमितीकरण का सुनहरा अवसर, अनुभव के आधार पर मिलेंगे 30 बोनस अंक

0 134

प्राइड कदम समाचार, सीधी

 

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने बिजली कंपनियों में कार्यरत लगभग 6,500 संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए नियमित नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी नई व्यवस्था के तहत पात्र संविदा कर्मचारी अब नियमित पदों की भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर स्थायी नौकरी प्राप्त कर सकेंगे। इस निर्णय से वर्षों से नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हजारों कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

 

नई भर्ती प्रक्रिया के अनुसार सभी पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 अंक तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 40 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही संविदा सेवा के अनुभव को महत्व देते हुए अधिकतम 30 बोनस अंक दिए जाएंगे, जिससे लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

योजना का लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा जिन्होंने संबंधित बिजली कंपनी में कम से कम दो वर्ष की संविदा सेवा पूरी की हो। नियमित पद पर चयनित होने के बाद कर्मचारी को पहले अपने संविदा पद से त्यागपत्र देना होगा, जिसके बाद नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

 

यह व्यवस्था मध्य प्रदेश की बिजली वितरण एवं प्रबंधन से जुड़ी पांच बिजली कंपनियों के पात्र संविदा कर्मचारियों पर लागू होगी। इसमें लाइन अटेंडेंट, टेस्टिंग अटेंडेंट, जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत संविदाकर्मी शामिल हैं। हालांकि मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के संविदा कर्मचारियों को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।

 

ऊर्जा विभाग के इस फैसले को संविदा कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल कर्मचारियों को स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि बिजली कंपनियों में अनुभवी और प्रशिक्षित कर्मचारियों की सेवाओं का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा। लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हजारों संविदा कर्मचारियों के लिए यह निर्णय उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment