धान रोपाई पर संकट: नरवर के किसानों ने मोहनी सागर पिकअप-2 आब नहर में पानी छोड़ने की मांग को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

0 47

30 जुलाई तक पानी नहीं छोड़ा गया तो अनिश्चितकालीन धरना और चक्का जाम की चेतावनी, मुख्यमंत्री सहित कई अधिकारियों को भेजी ज्ञापन की प्रतिलिपि

नरवर (शिवपुरी), 22 जुलाई 2026। खरीफ सीजन में धान की रोपाई का समय शुरू होने के बावजूद मोहनी सागर पिकअप-2 आब नहर में अब तक पानी नहीं छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी है। इस समस्या को लेकर नरवर क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को तहसीलदार नरवर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की।

किसानों ने बताया कि मोहनी सागर पिकअप-2 नहर से जुड़े दर्जनों गांवों की कृषि पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है। नहर में पानी नहीं आने से धान की तैयार नर्सरी सूखने लगी है और रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो हजारों किसानों की फसल बर्बाद होने का खतरा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

ज्ञापन में किसानों ने प्रशासन से सिंचाई विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर नहर में पानी छोड़ने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 30 जुलाई 2026 तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो क्षेत्र के हजारों किसान अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश शासन की होगी।

किसानों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री, कलेक्टर शिवपुरी, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग भोपाल तथा कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग शिवपुरी को भी भेजी है।

इस दौरान सिमिरिया सरपंच शैलेन्द्र सिंह रावत, कांकर सरपंच राजा गुर्जर, नरुआ सरपंच जगराम प्रजापति, नरोत्तम शर्मा, साधू रावत, नरेंद्र सिंह रावत, धर्मेंद्र रावत, सुल्तान सिंह गुर्जर, पार्षद मुलायम कुशवाहा, श्रीकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment