जिला अस्पताल डिंडौरी में फायर फाइटिंग डेमो का सफल आयोजन, आपदा प्रबंधन की तैयारियों का लिया जायजा

कलेक्टर ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर दिया जोर
डिंडौरी,19 जुलाई 2026
रिपोर्टर-सोहन श्याम
डिंडौरी-शासकीय जिला चिकित्सालय डिंडौरी में रविवार को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर फायर फाइटिंग डेमो (डेमोंस्ट्रेशन) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया,नगर परिषद डिंडौरी की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस,सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन तथा ओम अश्विनी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री गौरव सिंह बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम का इंस्टॉलेशन ओम अश्विनी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है।
डेमो के दौरान फायर ब्रिगेड दल एवं विशेषज्ञों द्वारा आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, अग्निशमन यंत्रों के प्रभावी उपयोग, मरीजों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वित कार्यवाही का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे प्रशिक्षण को गंभीरता से देखा तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, रखरखाव एवं कर्मचारियों का समय-समय पर प्रशिक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में पूर्व तैयारी और नियमित अभ्यास सबसे महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करते हुए किसी भी आपात स्थिति में समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने जिला अस्पताल परिसर में स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, हाइड्रेंट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।