मानसिक प्रताड़ना और दबाव का आरोप लगाकर शहपुरा नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने दिया इस्तीफा

0 128

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

डिंडौरी। नगर परिषद शहपुरा के उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिला भाजपा अध्यक्ष को संबोधित 15 जुलाई 2026 के त्यागपत्र में उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, अनुचित दबाव और असहनीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए पद छोड़ने का निर्णय लेने की जानकारी दी है।

 

मुकेश साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि वे भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और हमेशा संगठन के अनुशासन तथा जनहित को सर्वोपरि रखा है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से पार्टी संगठन के कुछ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उन पर नियमों और नैतिकता के विपरीत कार्य करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं।

 

त्यागपत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उनके अनुसार कुछ पार्षदों एवं पार्टी नेताओं की व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण उनके विरुद्ध षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों, जैसे निजी वाहन से निःशुल्क पेयजल वितरण, में भी लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।

 

मुकेश साहू ने जिला भाजपा अध्यक्ष से उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

 

(नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप मुकेश साहू द्वारा अपने त्यागपत्र में लगाए गए हैं। संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment