नगर निगम सदन की बैठक में विकास एवं जनहित के प्रस्तावों पर हुई चर्चा

0 129

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहाँपुर। विकास भवन सभागार में नगर निगम सदन की महत्वपूर्ण बैठक महापौर अर्चना वर्मा की अध्यक्षता एवं प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में आयोजित हुई।

 

बैठक में नगर विकास, नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। संपत्ति कर की चालू मांग पर 10 प्रतिशत छूट की अवधि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।

 

सदन में बड़ी फॉगिंग मशीन की खरीद, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत पौधारोपण, जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नालों का निर्माण, दृष्टिबाधित नागरिकों के लिए कल्याण केंद्र की स्थापना, सीएम ग्रिड कार्य हेतु स्वैच्छिक सहायक की नियुक्ति तथा रोजा क्षेत्र के बरेली मोड़–मठिया कॉलोनी में विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर स्थापित कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

 

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नगर विकास से जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

 

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सदन में प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के पार्षद तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment