तीन दिवसीय सहजन पौधरोपण अभियान शुरू, डीएम ने हरिशंकरी वृक्ष लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

0 57

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के घरों पर सहजन के पौधे लगाने के लिए जनपद में 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू हो गया है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ग्राम पंचायत माधवामई में हरिशंकरी (पीपल, बरगद व पाकड़) के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

 

डीएम ने निर्देश दिए कि हरिशंकरी वृक्षों की सुरक्षा के लिए ईंटों से ट्री गार्ड बनाए जाएं, उन पर आवश्यक विवरण अंकित किया जाए तथा पौधों की नियमित देखभाल के साथ प्रत्येक सप्ताह जियो टैग युक्त फोटो उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल पर कल्पवृक्ष और चंदन के पौधे लगाने के भी निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय की वॉल पेंटिंग पर दर्ज अधिकारियों के मोबाइल नंबरों की स्वयं फोन कर जांच की। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से अपने घरों के आसपास एक से पांच सहजन के पौधे लगाने की अपील करते हुए बताया कि सहजन स्वास्थ्यवर्धक है और लगभग एक वर्ष में फल देना शुरू कर देता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के करीब 80 हजार लाभार्थी सहजन के पौधे लगाएंगे।

 

डीएम ने ग्राम पंचायत सचिवालय स्थित प्रेरणा केंद्र और ई-लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जनपद की 161 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्किल डेवलपमेंट सामग्री, ई-कोर्स, पुस्तकें और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment