सीधी में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का भव्य शुभारंभ, 500 प्रतिभागियों ने निकाली जनजागरूकता रैली

सीधी | 15 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विशेष जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिला मुख्यालय सीधी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक किया गया। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी की अध्यक्षता में सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाकर की गई। अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इसके बाद पुलिस परेड ग्राउंड से सम्राट चौक तक विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में उत्कृष्ट विद्यालय-01, उत्कृष्ट विद्यालय-02, दिशा लर्निंग सेंटर, सामाजिक न्याय विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लगभग 500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। रैली के दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एएसपी श्रीमती कमला जोशी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। नशे के कारण अपराध, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं और सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। युवा वर्ग को स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना मड़वास में शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं व्यापारियों के साथ नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा कर शपथ दिलाई गई, जबकि थाना अमिलिया में बाजार क्षेत्र में जनजागरूकता रैली निकाली गई। अन्य थाना क्षेत्रों में भी रैली, जनसंवाद, शपथ, बैनर-पोस्टर एवं पंपलेट वितरण के माध्यम से हजारों नागरिकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, थाना प्रभारी अजाक रामलोटन साकेत, यातायात प्रभारी भूपेश बैस, सामाजिक न्याय विभाग के चंद्र प्रताप तिवारी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बी.के. रेखा एवं बी.के. अर्चना, वैदेही फाउंडेशन के सुरेंद्र शुक्ला, गीतांजलि समिति के रविशंकर मिश्रा, समाजसेवी उमा सेन, मीरा गौतम, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, पत्रकार एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं मित्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा अवैध मादक पदार्थों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर नशामुक्त सीधी का निर्माण किया जा सके।