पत्नी और सगे चाचा पर अवैध संबंधों का आरोप, पति ने एसपी से लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार
बहरी थाना क्षेत्र का मामला, शिकायत व एनसीआर के आधार पर पुलिस जांच जारी

सीधी | 11 जुलाई 2026
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरका निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अपने सगे चाचा पर अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है, जबकि बहरी थाने में एनसीआर भी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 जुलाई 2026 की सुबह वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी पत्नी और अपने सगे चाचा को कमरे के भीतर आपत्तिजनक स्थिति में देखा। उसका दावा है कि उसने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन कथित धक्का-मुक्की के कारण मोबाइल गिर जाने से रिकॉर्डिंग पूरी नहीं हो सकी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस से दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामले की शिकायत बहरी थाना और बाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रस्तुत की गई है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्पष्टीकरण: इस समाचार में उल्लिखित आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच अभी जारी है।
— संपादक: आर. डी. पाण्डेय
वनांचल समाचार, सीधी (मध्यप्रदेश)