खनियांधाना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

नरवर/शिवपुरी | संतोष शर्मा, रिपोर्टर
शिवपुरी जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा में 26 वर्षीय विवाहिता खुशबू यादव पत्नी महेन्द्र सिंह यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार मृतका के ससुर अमोल सिंह यादव (67) ने बताया कि 7 जुलाई की शाम नातिन को डांटने की बात को लेकर खुशबू का अपनी सास से विवाद हुआ था। इसके बाद वह कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर खिड़की तोड़कर देखा गया तो वह फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वहीं, मृतका के पिता राम सिंह यादव और भाई लोकपाल यादव ने ससुराल पक्ष के दावों को सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाया कि खुशबू को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि पहले भी दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज हुआ था, जो बाद में समझौते के आधार पर समाप्त हुआ। करीब चार महीने पहले भी खुशबू के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस थाने में की गई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि पति महेन्द्र यादव, सास, ससुर और जेठ ने मिलकर खुशबू की हत्या की है।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।