नेबुहा बंधा में वृद्ध का शव मिलने से फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

बहरी | 07 जुलाई 2026
सीधी जिले के थाना बहरी क्षेत्र के नेबुहा बंधा में लगभग 70 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर बहरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मोहन बंसल (70 वर्ष) पिता शीतला बंसल, निवासी ग्राम भीतरी, थाना बहरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोहन बंसल मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बहरी थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।