शाहजहाँपुर में दो दिन चला विशेष यातायात अभियान, 2342 वाहनों के चालान

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहाँपुर। जनपद में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार और रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख चौराहों तथा मदनापुर, सिंधौली, पुवायाँ और खुटार टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान रात 8 बजे से 11 बजे तक नशे में वाहन चलाने, प्रेशर हार्न व हूटर का प्रयोग करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) वाले वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
दो दिनों की कार्रवाई में कुल 2342 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 24 ड्रिंक एंड ड्राइव, 65 प्रेशर हार्न, 3 मॉडिफाइड साइलेंसर, 1498 बिना हेल्मेट, 22 बिना एचएसआरपी तथा 730 अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले शामिल हैं।
शाहजहाँपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएँ, हेल्मेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मानक के अनुरूप नम्बर प्लेट एवं एचएसआरपी लगवाएँ तथा प्रेशर हार्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।