Breaking News

अपार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने महिला रिक्रूट आरक्षियों को विशाखा गाइडलाइन की दी गई जानकारी। 

0 70

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहाँपुर, 3 जुलाई। रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए शुक्रवार को विशाखा गाइडलाइन विषय पर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा पेशेवर एवं संवेदनशील पुलिसिंग के लिए प्रेरित करना था।

 

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने महिला आरक्षियों को बताया कि प्रत्येक महिला कर्मचारी को सम्मानजनक, सुरक्षित और भयमुक्त कार्य वातावरण मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार का लैंगिक उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार सामने आता है तो निर्धारित कानूनी और विभागीय प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सकती है।

 

बैठक में सेवा के दौरान अनुशासन, नैतिक आचरण, शिष्टाचार, पारस्परिक सम्मान और महिला अधिकारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पुलिस सेवा में संवेदनशील, निष्पक्ष और जनोन्मुखी कार्यशैली अपनाने, विधिक ज्ञान बढ़ाने तथा प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

 

इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, विभागीय शिकायत निवारण व्यवस्था और आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने भी महिला आरक्षियों को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की सीख दी।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी रिक्रूट महिला आरक्षियों ने विभागीय नियमों का पालन करते हुए जनसेवा की भावना के साथ निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पुलिसिंग करने का संकल्प लिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment