डॉक्टर्स डे पर भारतीय युवा चेतना मंच ने पांच चिकित्सकों को किया सम्मानित

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर । डॉक्टर्स डे के अवसर पर भारतीय युवा चेतना मंच, शाहजहांपुर की ओर से जनपद के चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पांच प्रमुख चिकित्सकों को उनके अस्पतालों में पहुंचकर सम्मानित किया गया। मंच के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके समाज और स्वास्थ्य सेवा में योगदान की सराहना की।
सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा (सत्यानंद अस्पताल), डॉ. हर्षित (एडीएमओ, रेलवे रोजा), डॉ. विजय पाठक (सारस्वत चिकित्सालय), डॉ. यू.डी. कपूर (कपूर अस्पताल) तथा डॉ. कीर्ति टंडन (टंडन नर्सिंग होम) शामिल रहे।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष नरेंद्र कुमार त्यागी ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉक्टर समाज के लिए ईश्वर का स्वरूप हैं, जो अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से लोगों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का योगदान सदैव सम्मान और कृतज्ञता का पात्र है।
मंच के संयोजक प्रदीप कुमार मिश्र ने कहा कि भारतीय युवा चेतना मंच समय-समय पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करता है और चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना संस्था की परंपरा रही है।
इस अवसर पर डॉ. विजय पाठक ने बताया कि 1 जुलाई को महान चिकित्सक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि डॉ. रॉय को वर्ष 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था और उनके चिकित्सा क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है।
डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा ने सम्मान के लिए भारतीय युवा चेतना मंच का आभार व्यक्त किया। वहीं डॉ. यू.डी. कपूर ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए संस्था को धन्यवाद दिया। डॉ. कीर्ति टंडन ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की, जबकि डॉ. हर्षित ने कहा कि ऐसे सम्मान चिकित्सकों को समाज सेवा के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में आशु पंडित, रामरक्ष पाल, प्रदीप दीक्षित, गोपाल कृष्ण वर्मा, जयपाल सिंह, चिन्मय त्यागी, प्रणव किशन त्यागी, रविंद्र, मयंक मिश्रा, श्रीमती सुमन, नवजोत वर्मा, मुकेश कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार, योगेंद्र एवं किशन त्यागी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।