वायरल ऑडियो का बड़ा असर: 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी निलंबित

0 165

सीधी | 29 जून 2026

सीधी जिले में सीमांकन पुष्टि के नाम पर कथित रूप से 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जमुनिहा हल्का नंबर-02 के पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को उपखंड अधिकारी (राजस्व) रामपुर नैकिन विकास आनंद ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की प्रारंभिक जांच में भ्रष्टाचार, कदाचार तथा शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई। जांच के दौरान पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया। साथ ही अधिकारियों के निर्देशों की भी अवहेलना किए जाने का उल्लेख आदेश में किया गया है।

इन्हीं तथ्यों के आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। मामले की आगे की विभागीय जांच जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment