ग्राम पंचायत बांकी में15 दिन में उखड़ने लगी नई सीसी सड़क, जगह-जगह आई दरारें; निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

0 107

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

डिंडोरी/शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बाकी में हाल ही में निर्मित सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण को अभी लगभग 15 दिन ही हुए हैं, लेकिन सड़क कई स्थानों से उखड़ने लगी है और जगह-जगह दरारें भी दिखाई देने लगी हैं।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण इतनी कम अवधि में ही सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क की खराब स्थिति को देखकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत बाकी में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर इससे पहले भी समाचार प्रकाशित हो चुके हैं। इसके बावजूद यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ है तो यह संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है।

 

अब देखने वाली बात यह होगी कि समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन और जनपद पंचायत शहपुरा के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाएगी और गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों तक सीमित रह जाएगा।

 

ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की तकनीकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग न हो और आमजन को टिकाऊ सड़क का लाभ मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment