सीधी में MSME मंत्रालय की RAMP योजना के तहत दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ, उद्यमिता और स्वरोजगार पर दिया गया जोर

0 194

सीधी। एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार की रैम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत जिला सीधी में दो दिवसीय कम्पोजिट कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस में विभिन्न तकनीकी एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें एमपी एमएसएमई डेवलपमेंट पॉलिसी 2025, स्टार्टअप पॉलिसी 2025, लैंड अलॉटमेंट पॉलिसी, फाइनेंशियल अवेयरनेस, एसएचजी फॉर्मलाइजेशन टू एमएसएमई तथा जेड (Zero Defect Zero Effect) सर्टिफिकेशन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) तथा इच्छुक उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, व्यवसाय विस्तार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अपार संभावनाएं : सांसद डॉ. राजेश मिश्रा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने जिले में खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अचार, कटहल आधारित उत्पाद, आलू चिप्स एवं अन्य मूल्य संवर्धित खाद्य उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग स्थापित कर युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

उद्यमियों को समस्याएं खुलकर रखने की सलाह : कलेक्टर विकास मिश्रा

जिला कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों, उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि उद्यम स्थापना, बैंक ऋण, विपणन सुविधाओं और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी समस्याओं को विशेषज्ञों के समक्ष खुलकर रखें, ताकि उनका समाधान प्राप्त कर उद्यमों को सफलतापूर्वक विकसित किया जा सके।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

नगर पालिका पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम सोनी ने महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।

सफल उद्यमों की मिसालें साझा कीं

जिला पंचायत सीधी के उद्योग एवं सहकारिता विभाग के सभापति श्री प्रदीप शुक्ला ने जिले में संचालित डेयरी, राइस मिल, आटा चक्की, ईंट निर्माण इकाइयों सहित विभिन्न सूक्ष्म उद्योगों की सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने श्रीमती सावित्री का उदाहरण देते हुए बताया कि बैंक ऋण की सहायता से उन्होंने जेसीबी मशीन खरीदकर सफल व्यवसाय स्थापित किया और रोजगार के अवसर भी सृजित किए।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और संस्थागत ऋण सुविधाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफल उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से परिवार, समाज और जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलती है।

कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने विभिन्न योजनाओं एवं उद्यमिता विकास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और स्वरोजगार के नए अवसरों को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment