डेढ़ महीने में उखड़ गई लाखों की पीसीसी सड़क, ग्राम पंचायत बाकी में विकास कार्यों की खुली पोल

0 125

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी सिहावल रिपोर्ट शाहिद खान

 

सीधी। सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बाकी में लाखों रुपये की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण हुए अभी महज डेढ़ माह ही बीता है, लेकिन प्री-मानसून की शुरुआती बारिश और नमी के बीच ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने और बिखरने लगी है। सड़क की इस दुर्दशा ने निर्माण कार्य में उपयोग की गई सामग्री और गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण सड़क समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई। यदि प्री-मानसून की हल्की बारिश में ही यह हाल है तो आगामी चार माह के वर्षाकाल में सड़क की स्थिति क्या होगी, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य का मूल्यांकन करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों ने किस आधार पर गुणवत्ता प्रमाणित की, यह भी जांच का विषय है।

 

क्षेत्रीय नागरिकों ने सिहावल जनपद के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित उपाध्याय से मामले को संज्ञान में लेकर स्थल निरीक्षण कराने, तकनीकी जांच करवाने तथा दोषी ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जनधन से किए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर जनता को राहत दिलाई जानी चाहिए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment