ग्राम पंचायत बड़खेरा में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

जनपद से कलेक्टर तक शिकायतें, कार्रवाई न होने पर अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल
जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा/डिंडौरी। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़खेरा में विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पंचायत में हुए कथित भ्रष्टाचार की शिकायत जनपद पंचायत से लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक कई बार की, लेकिन अब तक किसी प्रकार की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत में स्टॉप डेम, सीसी सड़क, नाली निर्माण, नल-जल योजना सहित अन्य विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। इन मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायतें भी दी गईं, लेकिन शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। इससे ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि कहीं न कहीं संबंधित अधिकारियों की भी मिलीभगत होने के कारण शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे भ्रष्टाचार के मामलों की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में कराए गए सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र जांच नहीं कराई गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।